गांव खारा सोमवार रात सहकारी बैंक की खिड़की तोड़कर सेफ से 13864 रुपये चोरी करने का मामला सामने आया है। वारदात की सूचना मिलने पर थाना सदर पुलिस समेत बैंक के आला अधिकारियों ने घटना का जायजा लिया।
इस मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार सोमवार रात चोर प्राइमरी स्कूल की तरफ से पीछे वाली खिड़की को तोड़कर सहकारी बैंक में घुस गए। आरोपियों ने बैंक में घुसने के लिए ग्रिल के सरिया को काटा और बाद में किसी कटर से बैंक की सेफ को काटकर नगदी चोरी कर ली। साथ ही आरोपी मोडम भी चोरी करके ले गए।
बैंक मैनेजर परमिंदर कौर संधू ने बताया कि घटना के बारे में चौकीदार ने गांव में रहती बैंक की महिला कर्मचारी को जानकारी दी और उससे सूचना मिलने पर थाना सदर पुलिस को बुलाया गया। बैंक के जिला मैनेजर परमजीत सिंह संधू व सीनियर मैनेजर गुरसेवक सिंह ने भी मौके पर पहुंच कर जायजा लिया। थाना सदर के इंस्पेक्टर रूप चंद ने बताया कि पुलिस ने बैंक मैनेजर की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी का पता लगा लिया जाएगा।