गीता कालोनी में किराए की कोठी में रहने वाले जज के घर से लाखों के सामान की चोरी का मामला सामने आया है।
थाना सिटी साउथ में पुलिस ने जज की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिविल कोर्ट में तैनात जज गौरव गुप्ता छुट्टियां होने के कारण कहीं बाहर गए हुए थे। वह मूल रूप में जालंधर के रहने वाले हैं और शनिवार को जब घर पहुंचे तो उनके घर का बाहरी ताला टूटा पड़ा था और घर अंदर सामान बिखरा पड़ा था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और फिंगर प्रिंट लिए।
एएसआई इकबाल सिंह ने बताया कि जज गौरव गुप्ता की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक चोर सोने की चेन, महंगी घड़ी, 15 हजार की नगदी, एलसीडी, सिलेंडर, इनवर्टर समेत करीब 1.25 लाख रुपये का सामान चुरा ले गए।