केंद्रीय राज्यमंत्री विजय सांपला के करीबी माने जाने वाले भाजपा नेता
प्रदीप खुल्लर के खिलाफ बीते दिनों खुदकुशी के लिए मजबूर करने का केस दर्ज
होने के बाद माहौल गर्मा गया है।
खुदकुशी करने वाले निशान सिंह के परिजनों
और इलाके के लोगों ने शुक्रवार रात को खुल्लर, उसके साथियों की गिरफ्तारी
की मांग पर कैंडल मार्च निकाला। बाद में केंद्रीय राज्यमंत्री विजय सांपला
की कोठी के सामने भी प्रदर्शन किया। इस बीच किसी ने सांपला की कोटी में
घुसकर दरवाजे पर लगी प्लास्टिक की शीट को चाकू या धारदार हथियार से काट
दिया। सांपला नेे शनिवार को इसका कड़ा संज्ञान लेते कहा कि यह ओछे स्तर और
घटिया सोच वाली राजनीति है।
वहीं शनिवार को सांपला के समर्थक भाजपा नेता
कमल शर्मा ने अपनी ओर से थाना बस्ती बावा खेल में लिखित शिकायत कर
आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की है। कमल शर्मा का कहना है कि
केंद्रीय राज्यमंत्री सांपला के घर में घुसकर ऐसी हरकत करने वाले की पहचान
कर गिरफ्तार किया जाना जरूरी है। सांपला ने भी पुलिस अधिकारियों से बात कर
इसमें कार्रवाई करने को कहा है।
कमल शर्मा का कहना है उनका मेन गेट लोहे का
बना हुआ है। यहां बाहर से पूरे गेट पर चाकू फेरना आसान नहीं है, क्योंकि
बीच में लोहे की ग्रिल आती है। यह शीट कोठी के भीतर से घुसकर काटी गई है।
उन्होंने कोठी की दीवार पर पैरों के निशान भी पुलिस मुलाजिमों को मौके पर
जाकर दिखाए। सांपला ने सर्किट हाउस में एसीपी वेस्ट रविंदरपाल सिंह संधू को
भी इस मामले में ठोस कार्रवाई करने को कहा है।