पुलिस ने पंजाब, गुजरात और अन्य प्रदेशों के लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी मारने के आरोपी नाइसर ग्रीन के एमडी को उत्तर प्रदेश से काबू किया है। पुलिस ने सोमवार को एमडी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया है।
दूसरी तरफ, जो लोग ठगी का शिकार हुए थे उन्होंने सोमवार को ऐतिहासिक सारागढ़ी गुरुद्वारे के पास धरना दिया और पुलिस से मांग की है कि उक्त ठग से उनका पैसा दिलवाया जाए।
पुलिस के मुताबिक नाइसर ग्रीन कंपनी के एमडी पिपल सिंह के खिलाफ कई ठगी के मामले पुलिस थानों में दर्ज हैं। पिपल ने कई लोगों से मोटी रकम वसूल कर उन्हें प्लाट देने की बात कही थी लेकिन लोगों को प्लाट नहीं दिए और करोड़ों रुपये ठग लिए। पिपल सिंह पर पहले भी ठगी के चार केस दर्ज हैं जिस कारण पिपल फिरोजपुर से यूपी भाग गया था।
बताया जा रहा है कि पिपल ने यूपी ने काफी जमीन खरीदी हुई है। पिपल ने पंजाब व गुजरात के अलावा अन्य प्रदेशों के लोगों से ठगी मारी हुई है। इसके साथी पहले ही गिरफ्तार किए हुए हैं। पिपल ने फिरोजपुर शहर के जीरा गेट के पास नाइसर ग्रीन का कार्यालय बनाया हुआ था। एसपी (डी) का कहना है कि पिपल से लोगों का पैसा वसूला जाएगा। पुलिस रिमांड में सब कुछ पता चलेगा।
उधर, धरने पर बैठे तरसेम सिंह, दर्शन सिंह ने कहा कि पिपल ने उनसे लाखों रुपये लेकर उन्हें प्लाट तक नहीं दिया। पिपल के शिकार हुए सैंकड़ों लोग है। ये सभी आज फिरोजपुर में एकत्र हुए और धरना दिया।