एक युवक की गला दबाकर हत्या कर लाश नहर में फेंक दी। युवक पिछले तीन दिन से लापता था। उसकी लाश बुधवार को गांव मोठा वाला की तरफ से गुजरने वाली नहर से बरामद हुई।
उसके गले में निशान थे उसी से प्रतीत होता है कि किसी ने गला दबाकर उसकी हत्या करने के बाद शव खुदबुर्द करने की नीयत से नहर में फेंक दिया। उधर, पुलिस ने मृतक युवक के भाई के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने अभी किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है।
मृतक मिथन के भाई मंगल सिंह पुत्र भगत सिंह वासी बहक गुजर (मक्खू) ने पुलिस को बताया कि कुछ लोगों के साथ उसका भाई गांव शेरखां की दाना मंडी में कामकाज करने के लिए आया था। पिछले तीन दिन से मिथन लापता था। इस बात की जानकारी उसके दोस्तों ने परिजनों को भी नहीं दी थी। बुधवार को गांव मोठा की तरह से गुजरने वाली नहर से मिथन की लाश मिली। पुलिस ने लाश की पहचान के लिए लोगों को बुलाया।
लाश मिथन की थी। परिवार के सभी सदस्य घटनास्थल पर पहुंचे तो देखा कि लाश बुरी तरह पानी में खराब हो चुकी थी। उसके गले पर निशान था जिससे प्रतीत होता था कि गला दबाकर मिथन की हत्या की गई है और बाद में उसे नहर में फेंक दिया। उधर, एएसआई वन सिंह ने बताया कि फिलहाल मिथन के भाई मंगल सिंह के बयान पर अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मिथन के साथियों से पूछताछ कर रही है।