व्यापारी अनिल हत्याकांड में पुलिस को मिले बिल्ला के तीन मोबाइलों का डाटा बिलकुल क्लीन है। मोबाइल में किसी का भी नंबर सेव नहीं है और न ही व्हाट्सऐप पर मेसेज है।
यही नहीं इनकमिंग और आउटगोइंग कॉल का भी कोई रिकॉर्ड नहीं है। अब पुलिस मोबाइल कंपनी से रिकॉर्ड मंगवाएगी। हालांकि पुलिस को कुछ संदिग्ध कॉल्स भी मिली है, जिनको जांच के दायरे में लाया जा रहा है।
वहीं पुलिस की एक टीम अनिल के परिवार से इनपुट ले रही है कि उनका किसके साथ लेनदेन था। बिल्ला हवाला के कारोबार के भी नामवर व्यक्ति थे। उनका एक माह का लेनदेन करीब 200 करोड़ के आसपास होता था। कमिश्नर अर्पित शुक्ला का कहना है कि पुलिस अपनी जांच तेजी से कर रही है। जल्द ही इस हत्याकांड को सुलझा लिया जाएगा।
व्यापारी बिल्ला हत्याकांड के बाद नेताओं में आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। दो दिन पहले कांग्रेसी, शिअद और बसपा नेताओं ने संयुक्त प्रेसवार्ता कर सभी मंत्रियों को गनर को छोड़ने का आह्वान किया था। वहीं सीपीएस केडी भंडारी ने सभी नेताओं का कद छोटा होने की बात कहकर नया विवाद खड़ा कर दिया है।
कांग्रेस के नवनियुक्त सीनियर वाइस प्रेसिडेंट प्रिंस चोपड़ा ने सोमवार को सीपीएस केडी भंडारी पर जमकर वार किए। प्रिंस चोपड़ा ने सवाल किया कि सीपीएस भंडारी को इतने गनरों की जरूरत ही क्या है। उनको किससे खतरा यह तो बताना चाहिए।