स्थानीय भोलूवाला रोड पर स्थित गोबिंद नगर में दहेज की मांग को लेकर ससुरालियों से तंग एक विवाहिता ने जहर खाकर जान दे दी। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने मृतका रमनदीप कौर(26) के भाई के बयान पर उसके पति भूपिंदर सिंह व सास गुरदेव कौर के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में जैतो के गांव कोठे थरोड़ेवाला निवासी सुखजिंदर सिंह पुत्र राज सिंह ने बताया कि उसकी बहन रमनदीप कौर का विवाह साल 2012 में फरीदकोट निवासी भूपिंदर सिंह पुत्र सुखदेव सिंह के साथ हुआ था। उनके दो साल का बेटा भी है। सुखजिंदर सिंह के अनुसार शादी के बाद से उसकी बहन को दहेज लाने की मांग को लेकर तंग परेशान किया जा रहा था और कई बार पंचायत होने के बावजूद ससुराल परिवार अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
पति व सास की तरफ से बीएड में दाखिला करवाने के लिए अपने मायके से एक लाख रुपये लाने का दबाव बनाया जा रहा था और इसी बात से तंग आकर मंगलवार सुबह उसकी बहन ने जहर निगल कर अपनी जान दे दी।
थाना कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर सुरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने बयान के आधार पर भूपिंदर सिंह व गुरदेव कौर के खिलाफ केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।