पुलिस कमिश्नर अर्पित शुक्ला ने शुक्रवार को अपने ही मुलाजिमों को नाटकीय ढंग से गिरफ्तार कर लिया।
दरअसल, कमिश्नर को शिकायतें आ रही थी कि ट्रैफिक पुुलिस बाहरी नाकों पर दूसरे प्रदेशों से आने वाले वाहनों को रोक कर मोटा पैसा वसूलते हैं। इस शिकायत पर कमिश्नर शुक्ला ने योजना बनाकर एक मुलाजिम को 500 रुपये लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। मुलाजिम के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। एडीसी (पी) सिक्योरिटी रविंदरपाल संधू ने बताया कि योजना बनाकर एक स्विफ्ट कार पर यूपी का नंबर लगाकर दो लोगों को भेजा गया।
उनको पांच सौ रुपये का नोट थमाया गया था, जिस पर एडीसी (पी) संधू ने अपने साइन कर रखे थे। कार जैसे ही रामामंडी पहुंची तो हेड कांस्टेबल मनमोहन सिंह ने रोक लिया। वह उन्हें परेशान करने लगे। कार सवार लोगों ने योजना के मुताबिक पांच सौ रुपये का नोेट उसे थमा दिया। मनमोहन सिंह ने नोट पकड़कर जेब में डाला। जब उसकी तलाशी ली गई तो हस्ताक्षरयुक्त नोट मिल गया। उसको मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।