विजिलेंस टीम की हिरासत में आरोपी महिला कर्मी।
- फोटो : संवाद
भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही सख्त मुहिम के तहत पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है। विजिलेंस टीम ने जालंधर के भोगपुर स्थित भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के कार्यालय में तैनात तकनीकी सहायक रूही बाला कालिया रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला रूही बाला को 20 हजार रुपये की रिश्वत ले रही थी।
विजिलेंस ब्यूरो के अनुसार, यह कार्रवाई गुरु तेग बहादुर राइस मिल, नंगल फिदा (भोगपुर) के मैनेजर की शिकायत पर की गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि खरीद सीजन 2025-26 के दौरान मिल को धान की 49,086 बोरियां अलॉट हुई थीं, जिनमें से 1,160 बोरियां (दो खेपों में) एफसीआई को भेजने के बाद भी क्लीयर नहीं की जा रही थीं।
आरोप है कि आरोपी तकनीकी सहायक रूही बाला कालिया ने इन खेपों को पास करने के बदले पहले 25 हजार रुपये की मांग की और इससे पहले भी पुरानी खेपों की क्लीयरेंस के लिए 50 हजार रुपये रिश्वत ले चुकी थी। मजबूरी में सौदा 20 हजार रुपये में तय हुआ, जिसकी बातचीत शिकायतकर्ता ने रिकॉर्ड कर ली।
शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो से संपर्क किया। योजनाबद्ध जाल बिछाकर आरोपी को सरकारी गवाहों की मौजूदगी में रिश्वत लेते हुए धर दबोचा गया। इस मामले में आरोपी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो थाना जालंधर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच जारी है।