सेंट्रल माडर्न जेल में सोमवार देर शाम दो गुटों के बीच गैंगवार हो गई।
कोटकपूरा शहर से संबंधित इन दोनों गुटों की खूनी भिड़ंत में चार कैदी गंभीर
रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर है। उसे पीजीआई चंडीगढ़
रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार घटना के समय रात भोज के बाद
कैदियों को बैरक भेजा जा रहा था। इस दौरान दो गुटों के बीच झगड़ा शुरू हो
गया। जेल सूत्रों के अनुसार पिछले वर्ष 30 अक्तूबर को कोटकपूरा निवासी
गुरजीत सिंह दीपू नामक एक युवक की हत्या हो गई थी और इस मामले में कोटकपूरा
के ही महिंदर कुमार समेत करीब 10 आरोपी जेल में बंद हैं। यहां पर कुछ अन्य
आपराधिक मामलों में नामजद दीपू के एक रिश्तेदार समेत उसके गुट के मुखी
समेत कुछ अन्य लोग भी इन दिनों फरीदकोट जेल में बंद हैं।
घटना के समय
इसी गुट के कैदियों व हवालातियों बाबू सिंह, अंकुश उर्फ आशु, लवी दियोड़ा,
विनय दियोड़ा, गणपत मियां व सुरजीत सिंह पिंटा आदि ने लोहे की राड, सरियों
हथियारों से अपने साथी दीपू की हत्या के आरोपियों महिंदर कुमार, मुकेश
कुमार व सुरेश कुमार पर धावा बोल दिया। करीब 10-15 मिनट चली दोनों गुटों के
लड़ाई में महिंदर, मुकेश व सुरेश के अलावा दूसरे गुट के गणपत मियां को
गंभीर चोटें लगी। हालात पर काबू पाने के लिए जेल प्रशासन ने हमले के
आरोपियों को जेल की चक्कियों में बंद किया जबकि घायल हुए चारों कैदियों को
गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती करवाया। यहां से महिंदर
कुमार की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है।
इस मामले में जेल अधीक्षक बलकार सिंह भुल्लर ने बताया कि घटना के बाद
जेल प्रशासन ने घायलों को अस्पताल दाखिल करवाने के बाद इस मामले में
कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को लिखित सूचना भेज दी है। एसएसपी चरनजीत शर्मा
ने कहा कि पुलिस घायल कैदियों के बयान दर्ज कर रही है और उसी आधार पर
आरोपी कैदियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।