सूरानुस्सी रेलवे फाटक के पास होटल मैनेजमेंट के छात्र का शव नहर में तैरता मिला। राजकीय रेलवे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला।
आशंका जताई जा रही है कि तेजी से रेलवे लाइन क्रास कर भाग रहा छात्र नहर में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि पारिवारिक के सदस्यों ने हत्या की आशंका जताकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
मृतक की पहचान सुखविंदर लाल वासी सुल्तानपुर लोधी के रूप में हुई है। सुखविंदर घटनास्थल के पास ही स्थित एक इंस्टीट्यूट में होटल मैनेजमेंट का कोर्स कर रहा था। उसके परिवार का आरोप है कि मौत हादसे से नहीं हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
राजकीय रेलवे पुलिस के जांच अधिकारी मुझैल सिंह के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है। प्राथमिक दृष्टि में मामला हादसे का लग रहा है, लेकिन इसकी गंभीरता से जांच की जाएगी।
ऐसी आशंका है कि सुखविंदर लाल शार्टकट रास्ते से इंस्टीट्यूट पहुंचने की कोशिश में रेलवे ट्रैक क्रास कर रहा था और तेजी से भागने की वजह से वह पुली से गिरकर नहर में जा गिरा। उन्होंने कहा कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।