गांव बधाई स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम को बुधवार रात अज्ञात लुटेरों ने कटर से काटकर लूटने की कोशिश की। हालांकि लुटेरे इस कोशिश में नाकाम रहे, लेकिन एटीएम में कुछ नोट जल गए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पंजाब नेशनल बैंक के मैनेजर मनजीत कुमार नागपाल ने बताया कि बीती बुधवार रात को लुटेरों ने एटीएम मशीन वाले कमरे का शटर तोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने कटर से एटीएम मशीन को तोड़कर कैश लूटने की कोशिश की।
कटर से निकली आग से मशीन में आग लग गई और लुटेरे भी वहां से भाग गए। इसकी जानकारी उन्हें सुबह दस बजे बैंक आने पर लगी। इसके बाद उन्होंने बैंक अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद बैंक के चीफ चंद्र गर्ग और सिक्योरिटी मैनेजर गौरव मौके पर पहुंचे।
चीफ चंद्र गर्ग के अनुसार इस घटना की वजह से पांच सौ के 49 नोट जल गए हैं। डीएसपी हरमीक सिंह दयोल ने बताया कि उनकी ओर से सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही है। इसमें साफ दिख रहा है कि इस घटना में चार युवक शामिल थे। उनकी ओर से मामला दर्ज कर लिया गया है।