जालंधर में आरोपियों से बरामद हथियार।
- फोटो : अमर उजाला
सीआईए स्टाफ की पुलिस ने नेशनल हाईवे पर पिस्तौल दिखाकर वाहन लूटने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को काबू किया है। उनकी पहचान अमरवीर लाली निवासी बूसेवाल सुलतानपुर लोधी कपूरथला, हरजोत सिंह निवासी सुलतानपुर लोधी और गुरइकबाल सिंह निवासी ढिलवां कपूरथला के तौर पर हुई है। उनके पास से 4 पिस्तौल, एक सिंगल बैरल गन के अलावा भारी कारतूस बरामद किए गए हैं।
एडीसीपी क्राइम विवेकशील सोनी, एसीपी क्राइम हरजिंदर सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सीआईए स्टाफ की टीम ने नाकेबंदी कर उक्त तीन आरोपियों को काबू किया। एडीसीपी ने बताया कि गिरोह के सदस्यों ने पंजाब और उत्तर प्रदेश में दहशत मचा रखी थी। वे पंजाब से वाहन को लूटकर यूपी और यूपी से वाहन लूटकर पंजाब में बेच देते थे।
इस गिरोह पर उत्तर प्रदेश और पंजाब में 25 मामले अदालतों में चल रहे हैं। गिरोह के सदस्यों ने गैंगस्टर सुक्खा काहलवां को नाभा पुलिस की कस्टडी से फरार करवाया था, जिसका मामला भी इन पर विचाराधीन है। पुलिस के मुताबिक आरोपी सुक्खा काहलवां की मौत का बदला गौंडर गैंग से लेने की फिराक में थे। गिरोह के सदस्य गुरइकबाल सिंह ने अपनी पत्नी को जलाकर मार दिया था।
इस आरोप में उसे दस साल की सजा हुई थी। इस मामले में जब वह जेल में था उसकी मुलाकात दोनों साथियों से हुई। उन्होंने मिलकर गैंग बना लिया।