जिला पुलिस ने फर्जी कंपनी की तरफ से शहर के एक व्यक्ति से पालिसी करने के नाम पर 38 लाख 47 हजार रुपये की ठगी करने का मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी रवि मित्तल उर्फ अशीष चंद्र गुप्ता और महेश त्यागी उर्फ गुरदीप सिंह के रूप में हुई। इन दोनों आरोपियों से ठगी की रकम में से चार लाख रुपये, छह मोबाइल फोन, तीन सिम और एक कंप्यूटर बरामद किया गया है।
एसएसपी दर्शन सिंह मान ने बताया कि पुलिस के पास फरीदकोट निवासी राम प्रकाश हांडा ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि फोन के माध्यम से हुए संपर्क के आधार पर उसे कम समय में पैसा बढ़ाने की पालिसी करवाने का झांसा दिया गया और पालिसी करने के नाम पर उससे कभी चेक की डेट बढ़ाने, कभी टैक्स भरने और कभी जाली दस्तावेज भेज कर 38 लाख 47 हजार रुपये जमा करवाकर ठगी की गई है।
जांच में सामने आया कि अशीष चंद्र गुप्ता व गुरदीप सिंह अपने नाम बदल कर लोगों को बीमा कंपनी के नाम पर फोन पर झांसा देते हैं और उन्हें फायदा देने के नाम पर पैसे जमा करवाते हैं। यह कंपनी फर्जी होती है और पैसा जमा करवाने के बाद लोगों को ठगी का आभास होता है।
आर्थिक अपराध शाखा के इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह व थाना कोतवाली के एएसआई बलजीत सिंह की अगुवाई में पुलिस पार्टी ने दिल्ली में छापेमारी करते हुए दोनों आरोपियों को काबू किया। एसएसपी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और इनके साथियों का भी पता लगाया जा रहा है।