सीआईए स्टाफ पुलिस ने हत्या एवं हाईवे पर लूटपाट करने वाले दो भगोड़े आरोपियों समेत छह सदस्यों वाले गिरोह को बेनकाब कर चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार देर शाम ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर भेज दिया।
डीएसपी (डी) सतपाल सिंह गिल ने बताया कि सीआईए पुलिस को सूचना मिली थी कि बस अड्डा गांव मेहना के पास बेआबाद जगह में कुछ लोग डकैती की योजना बना रहे हैं। एएसआई पहाड़ा सिंह, मुखत्यार सिंह, गुलजार सिंह और भलविंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने छापा मारा तो मनजीत सिंह उर्फ मच्छर निवासी मुगलु पत्ती बाघा पुराना को 12 बोर देसी पिस्तौल, स्वर्ण जीत सिंह उर्फ सीपा निवासी राजेआना को 315 बोर देसी पिस्तौल, गुरदीप सिंह उर्फ गोरा निवासी कुस्सा को 12 बोर देसी पिस्तौल और गुरजपाल सिंह उर्फ गुरजा निवासी राउके कलां को 315 बोर के पिस्तौल समेत काबू किया गया।
गिरोह के दो मेंबर राजू डाक्टर निवासी अलम वाला और राजदीप सिंह उर्फ गोरी निवासी केहर सिंह वाला फरार होने में सफल हो गए। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से दो आरोपी दो हत्याओं के मामले में भगोड़े थे। एएसआई पहाड़ा सिंह ने बताया कि इस वर्ष 22 मई को थाना बधनी कलां में दर्ज हत्या केस में आरोपी गुरपाल सिंह उर्फ गरजा नामजद आरोपी है और वह भगोड़ा था। इसके अलावा गुरदीप सिंह उर्फ गोरा भी थाना बधनी कलां में 11 सितंबर 2014 को गांव कुस्सा में हत्या और 11 अगस्त 2014 को एक जानलेवा हमले के केस में भगोड़ा था। यह गिरोह हाईवे पर लूटपाट करता था।