एक व्यक्ति ने रंजिश के चलते घर के गेट के आगे खड़े युवक को तेज रफ्तार बोलेरो तले कुचल दिया, जिस कारण उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह व्यक्ति अपने ससुराल आया था। घटना गांव गुलामी में घटी।
उधर, थाना सदर फिरोजपुर पुलिस ने आरोपी चालाक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी फरार है। जगमीत सिंह पुत्र मेजर सिंह वासी गांव गुलामी वाला थाना आरएफके ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि ताया का दामाद लखविंदर सिंह पुत्र अजीत सिंह वासी धर्मकोट अपने ससुराल में दो माह से रह रहा था।
वीरवार को लखविंदर सिंह अपने घर के गेट के आगे खड़ा था। आरोपी चंद्रशेखर उर्फ आसू पुत्र सतपाल वासी मल्लांवाला ने तेज रफ्तार में बोलेरो गाड़ी लाकर लखविंदर को टक्कर मारी। लखविंदर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने जगमीत के बयान पर चंद्रशेखर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।