पंजाब के जालंधर में नौकरानी की मौत मामले में लगभग डेढ़ साल बाद पुलिस ने आप नेता के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। मामले में आप नेता और पूर्व पार्षद रोहन सहगल, उनकी मां नगीना सहगल, मृतका की बुआ कृष्णा वर्मा और एक अन्य व्यक्ति शिव को भी आरोपी बनाया गया है।
पंजाब के जालंधर में आम आदमी पार्टी (आप) नेता के खिलाफ पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है। जालंधर की पॉश कॉलोनी शिव विहार में 20 वर्षीय नौकरानी निखिता की संदिग्ध मौत के लगभग डेढ़ साल बाद अब बड़ा मोड़ आ गया है। मामले में आप नेता और पूर्व पार्षद रोहन सहगल, उनकी मां नगीना सहगल, मृतका की बुआ कृष्णा वर्मा और एक अन्य व्यक्ति शिव के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश से आए जीरो एफआईआर के आधार पर की गई है।
विज्ञापन
मृतका के पिता सूरत वर्मा (निवासी—निबोरिया लोकाहवा, बृजमनगंज, यूपी) ने यूपी की अदालत में याचिका दायर की थी और पुलिस में शिकायत देकर आरोप लगाया था कि उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या कर शव फंदे से लटकाया गया था। पिता ने यह भी आरोप लगाए कि जालंधर पुलिस ने उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया और उन्हें रोहन सहगल व कृष्णा द्वारा जान से मारने की धमकियां भी मिलीं। अंतिम संस्कार के बाद वे बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए यूपी में कानूनी लड़ाई लड़ते रहे।
थाना-7 पुलिस ने केस नंबर 179 दर्ज करते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एसएचओ बलजिंदर सिंह ने एफआईआर की पुष्टि की है। बता दें कि 31 अगस्त 2023 को सुबह करीब 9:30 बजे शिव विहार स्थित कोठी नंबर 125-ए में निखिता का शव फंदे से लटकता मिला था, जिसे सबसे पहले पड़ोस की महिला रुचि ने देखा था।