आधी रात को कांग्रेसी नेता के क्रशर पर हमला
दो लोग घायल, छह लोगों के खिलाफ दर्ज किया गया मामला
सरकारी जमीन पर माइनिंग करने को लेकर विवाद
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। सरकारी जमीन पर अवैध माइनिंग रोकने से नाराज कुछ लोगों ने कांग्रेस नेता रोहित स्याल के क्रशर पर आकर हमला कर दिया। हमले में दो लोगों को चोटें आई हैं। थाना नंगलभूर की पुलिस ने घायलों की शिकायत पर छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता कटारूचक्क निवासी दविंद्र कुमार और ईश्वर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह दोनों पवन स्क्रीनिंग क्रशर पर ड्राइवर का काम करते हैं। 14 मार्च की रात करीब साढ़े 11 बजे वह दोनों अपना कामकाज निपटाकर दफ्तर के बाहर खाना खा रहे थे। इसी दौरान उन्हें क्रशर के नजदीक वाली सरकारी जमीन पर लोगों और वाहनों की आवाजें आनी शुरू हो गईं। जाकर देखा तो वहां नलूंगा निवासी सुखबीर सिंह, बहादुर सिंह, समरजीत सिंह, सतविंद्र सिंह और शाम लाल जेसीबी से सरकारी जमीन पर माइनिंग कर रहे थे। उन्होंने मामले की जानकारी क्रशर मालिक रोहित स्याल को दी तो उन्होंने नलूंगा सरपंच को भी मौके पर बुला लिया। रोहित स्याल और सरपंच के आने पर सभी आरोपी भाग खड़े हुए। मामला निपटाकर शिकायकर्ता वापस क्रशर पर लौटे तो थोड़ी देर बाद ही सभी आरोपी वापस आए और हमला कर दिया। इस दौरान उन्होंने दोनों से मारपीट की। शोर सुनकर क्रशर मालिक रोहित स्याल भी मौके पर पहुंचे तो उक्त लोग अपने हथियारों समेत मौके से भाग गए। जाते-जाते क्रशर पर खड़ी कार में तोड़फोड़ भी की। इसके अलावा गाड़ी की चाभी और दो मोबाइल ले गए। पुलिस ने सभी छह लोगों पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।