एनआरआई ने की 20 लाख की ठगी
मां व बेटा-बेटी को आस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर की धोखाधड़ी
एनआरआई मां-बेटा व पीड़िता के समधी के खिलाफ केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
कपूरथला। आस्ट्रेलिया से विवाह करवाने भारत आए एनआरआई बेगोवाल की मां व बेटा-बेटी को आस्ट्रेलिया ले जाने के नाम पर 20 लाख रुपये ठग लिए।थाना बेगोवाल पुलिस ने एनआरआई, उसकी माता समेत तीन के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। आरोपी मां-बेटा इस समय आस्ट्रेलिया में हैं।तीसरे आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने छापामारी शुरू कर दी है।
एसएसपी को दी शिकायतकर्ता गुरविंदर कौर निवासी वार्ड नंबर 13 बेगोवाल ने बताया कि उसकी महिंदर कौर के साथ जान-पहचान थी। महिंदर कौर ने उसे कहा कि उसका बेटा हरमीत सिंह आस्ट्रेलिया में पक्के तौर पर रहता है और फैमिली वीजा लगवाने का का काम करता है। उसने बताया कि जल्द ही वह यहां विवाह करने आ रहा है और विवाह के बाद वह उसे, उसकी बेटी सिमरजीत कौर व बेटे बिक्रमजीत सिंह को दो माह में वीजा लगवाकर आस्ट्रेलिया ले जाएगा। इसके एवज में उसने 20 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। दिसंबर 2017 में हरमीत सिंह भारत आया और कहा कि वह फैमिली वीजा अप्लाई करके जाएगा और लगभग दो माह में विदेश ले जाएगा। इस पर उन्होंने पांच लाख रुपये और पासपोर्ट की मांग की। उसने रकम व तीनों के पासपोर्ट दे दिए। एक दिन फिर हरमीत सिंह अपनी मां महिंदर कौर के साथ आया और कहने लगा कि जनवरी 2018 में विवाह है।
विवाह के बाद वीजा लगवा देगा और पांच लाख रुपये ले गए। दो-तीन दिन बाद फिर महिंदर कौर गुरमीत सिंह और कुछ अन्य लोगों के साथ आई और बाकी 10 लाख की रकम मांगी, जिससे उसका बेटा आस्ट्रेलिया भेजने की प्रक्रिया मुकम्मल कर सके। महिंदर कौर ने कहा कि उन्हें विश्वास नहीं है तो वह अपने 10-10 लाख रुपये पोस्ट डेटेड चेक दे दिए। कुछ समय बाद उन्हें पता चला कि 26 जनवरी 2018 के बाद हरमीत सिंह, उसकी माता महिंदर कौर आस्ट्रेलिया चले गए हैं। इस पर वह अपने समधी गुरमीत सिंह व अन्य लोगों के घर गए तो उन्होंने कोई तसल्लीबख्श जवाब नहीं दिया। डीएसपी भुलत्थ दविंदर सिंह ने जांच पमें हरमीत सिंह, महिंदर कौर और गुरमीत सिंह पर लगे आरोप सही पाए और थाना बेगोवाल को धोखाधड़ी का केस दर्ज करने की संस्तुति दी। डीएसपी ने बताया कि हरमीत सिंह आस्ट्रेलिया का पीआर है और उसकी माता भी उसके पास ही है। गुरमीत सिंह यहीं है, उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हरमीत सिंह व महिंदर कौर को भारत लाने के लिए इंटरपोल का सहारा लिया जाएगा।