अमर उजाला ब्यूरो
बाजाखाना (फरीदकोट)। थाना बाजाखाना पुलिस ने गांव झक्खड़वाला में अपने भाई को घर में जंजीरों से बांधकर रखने के मामले में उसके भाई व भाभी के खिलाफ आपराधिक केस दर्ज किया है। मामला डीएसपी जैतो की ओर से की गई पड़ताल रिपोर्ट के आधार पर दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार अमनदीप सिंह नामक एक नौजवान को पंजाब मानवाधिकार आयोग की टीम ने एक शिकायत के आधार पर 24 फरवरी 2018 को उपमंडल जैतो के प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को साथ लेकर जंजीर से मुक्ति दिलाई थी। बाद में उसे उपचार के लिए फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दाखिल करवाया गया। 38 वर्षीय अमनदीप सिंह कुछ साल पहले बीमार हो गया था । इसके चलते उसने दिमागी संतुलन खो दिया। वह अजीब तरह की हरकतें करने लगा। हालांकि परिवार का दावा है कि उन्होंने अमनदीप सिंह का काफी इलाज करवाया लेकिन उसकी हालत न सुधरने के चलते ही उसे मजबूर होकर बांध कर रख रहे थे। मामले में आयोग की हिदायत पर पुलिस ने पूरे मामले की जांच की थी। जांच के आधार पर अमनदीप सिंह के छोटे भाई सरबजीत सिंह और भाभी गुरमीत कौर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।