सरहद से हेरोइन बरामद, तस्कर के खिलाफ केस
फिरोजपुर। एसटीएफ ने सरहद के पास लगी फेंसिंग पार खेतों में छिपाकर रखी नौ सौ ग्राम हेरोइन बरामद की है। उक्त हेरोइन जेल में बंद तस्कर हरविंदर सिंह की है, जिसके पाक तस्करों के साथ गहरे संबंध हैं। यह घटना सीमांत गांव मधरे के पास घटी। थाना सदर पुलिस ने रविवार को तस्कर हरविंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक एसटीएफ के इंस्पेक्टर अश्वनी कुमार को एक मुखबिर ने सूचना दी थी कि तस्कर हरविंदर सिंह वासी लखमीरके हिठाड़ थाना ममदोट जिला फिरोजपुर तस्करी के आरोप में जेल में बंद है। उसके पाकिस्तानी तस्करों के साथ गहरे संबंध हैं। उसने फेंसिंग पार खेतों में पाक तस्करों से हेरोइन मंगवाकर खेतों में छिपाकर रखी है। खेतों में सर्च अभियान चलाया जाए तो हेरोइन बरामद हो सकती है। एसटीएफ ने बीएसएफ की मदद से खेतों में सर्च अभियान चलाया तो वहां से नौ सौ ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। थाना सदर पुलिस ने तस्कर हरविंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है।