कमिश्नरेट पुलिस ने वर्कशॉप चौक के पास नाके पर चेकिंग के दौरान एक गाड़ी से 90 लाख रुपये बरामद किए हैं। पुलिस ने गाड़ी में सवार तीनों लोगों को हिरासत में ले लिया है।
पूछताछ में पता चला कि 90 लाख के पुराने नोट सिटीजन अर्बन कोआपरेटिव बैंक के हैं, जिसके बाद आयकर विभाग के अधिकारियों को बुलाया गया। उन्होंने जांच शुरू कर दी है। वहीं एसीपी सेंट्रल मनप्रीत सिंह ढिल्लों का कहना है कि करेंसी बैंक की थी और वह पीएनबी में भेजी जा रही थी।
वर्कशॉप चौक पर सुबह चेकिंग के दौरान ट्रैफिक मुलाजिमों ने एक गाड़ी रोककर तलाशी ली तो 90 लाख के पुराने नोट देखकर उन्होंने तत्काल आला पुलिस अधिकारियों को सूचित किया। पुलिस ने गाड़ी में बैठे तीनों लोगों को हिरासत में ले लिया। हालांकि तीनों का कहना था कि वह बैंक कर्मचारी हैं और पुराने नोटों को जमा करवाने के लिए पीएनबी के हेडक्वार्टर जा रहे थे कि रास्ते में उनको पकड़ लिया गया।
मौके पर पहुंचे सिटीजन अर्बन कोआपरेटिव बैंक के आला अधिकारियों ने भी अपने मुलाजिमों की पहचान की। पुलिस की तरफ से अगली जांच के लिए आयकर विभाग के अधिकारियों को बुलाया गया है।