जाली आरसी बनाने वाला व्यक्ति गिरफ्तार
मिर्जापुर से चोरी किया ट्रैक्टर भी बरामद, पुलिस ने अदालत से रिमांड लिया
अमर उजाला ब्यूरो
कपूरथला।
थाना ढिलवां की पुलिस ने चोरीशुदा ट्रैक्टर की जाली आरसी बनाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से कई और खुलासे होने की संभावना है।
एसएचओ भूषण सेखड़ी ने बताया कि गांव मिर्जापुर के पूर्व सरपंच संतोख सिंह ने थाने में शिकायत देकर बताया था कि 21 फरवरी को वह शाम के समय पशुओं के लिए हवेली गैरेज में तुड़ी लेकर आया था। उस समय हवेली में ट्रैक्टर-ट्राली, स्विफ्ट कार व अन्य खेती के औजार थे। अगले दिन जब वह हवेली में आया तो देखा कि गैरेज के गेट का ताला टूटा था। अंदर ट्रैक्टर (पीबी09एक्स-2353) नहीं था। गांव के लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि कोई व्यक्ति ट्रैक्टर चोरी कर ले गया है। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी भूषण सेखड़ी ने बताया कि एएसआई गुरजसवंत सिंह, एएसआई परमजीत सिंह व एचसी गुरनाम सिंह ने गुप्त सूचना के आधार पर ट्रैक्टर चोर ओंकार सिंह निवासी खानपुर को ट्रैक्टर सहित काबू कर लिया था, जोकि इस समय जेल में बंद है। ओंकार सिंह के पकड़े जाने के बाद साथी सतपाल उर्फ बंटी निवासी पस्सी बेट होशियारपुर भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। जिसने खुलासा किया कि उसने ओंकार सिंह के साथ मिलकर ट्रैक्टर चोरी किया था और इस ट्रैक्टर की जाली आरसी उन्होंने घनश्याम पुत्र राय सिंह निवासी कांगड़ा के पास से बनवाई थी। जिसे पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर ढिलवां अड्डा मियाणी बाकरपुर से काबू कर लिया। अदालत ने आरोपी को पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी से पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे होने की संभावना है।