दवा कारोबारी नहर में कूदकर जान दी
पुलिस ने पत्नी और जीजा के खिलाफ किया मामला दर्ज
दवा कारोबार में पत्नी के जीजा के साथ हुआ था विवाद
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। पत्नी और उसके जीजा से तंग होकर दवा कारोबारी ने नहर में छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली। दवाओं के कारोबार को लेकर सुनील कुमार का अपनी पत्नी के जीजा से विवाद हो गया था और पत्नी उसका साथ देने की बजाए जीजा का साथ दे रही थी। थाना सिटी पुलिस ने शनिवार को आरोपी पत्नी और पत्नी के जीजा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपी फरार हैं।
पुलिस को दिए गए बयान में मृतक के भाई अनिल पासी निवासी विजय नगर सामने दाना मंडी ने बताया सुनील कुमार (29) ने आरोपी पंकज माथुर देव कालोनी दुलचीके रोड फिरोजपुर शहर के साथ दवाइयों का कारोबार शुरू किया था। पंकज ने अपनी साली आरती के साथ शादी करवा दी। कुछ समय बाद सुनील और पंकज के बीच दवाइयों के कारोबार को लेकर विवाद हो गया। इस विवाद को लेकर आरती अपने पति सुनील का साथ देने की बजाए अपने जीजा पंकज का साथ दे रही थी।
इसी बात से सुनील परेशान रहने लगा और पंकज और आरती से तंग आकर सुनील ने नहर में छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली। मामले की जांच कर रहे एएसआई दलीप कुमार के मुताबिक सुनील के भाई अनिल के बयान पर आरोपी पंकज और आरती के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। पोस्टमार्टम कराने के बाद सुनील कुमार का शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है।