जाली दस्तावेज के आधार पर सेना में नौकरी हासिल करने वाले चार काबू
हरियाणा निवासी नौजवानों ने पंजाब का फर्जी पता लिख प्राप्त की नौकरी
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। सेना में जाली दस्तावेजों के जरिए नौकरी हासिल करने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सेना के अधिकारियों ने चार और नौजवानों को जाली दस्तावेज के आधार पर नौकरी हासिल करने के आरोप में काबू किया है। चार दिन पहले भी सेना द्वारा एक नौजवान को जाली दस्तावेज पर सेना में क्लर्क की नौकरी हासिल करने पर काबू किया था। थाना कैंट पुलिस ने शनिवार को सेना भर्ती दफ्तर के सीडीआर सौरभ पांडेय की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक हरियाणा के चार नौजवानों ने अपने घर का पता पंजाब के शहर लिखकर आर्मी में नौकरी प्राप्त कर ली। लेकिन जब आर्मी अधिकारियों ने उनके कागजातों की पड़ताल की तो घर के पते गलत पाए गए। इस संबंध में कैंट पुलिस की तरफ से चारों नौजवानों के खिलाफ धोखाधड़ी का पर्चा दर्ज किया गया है। सेना भर्ती दफ्तर के सीडीआर सौरभ पांडे ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि दिनेश, अकरम, अजय और सकीब जो हरियाणा के निवासी हैं। इन नौजवानों ने अपने रिहायशी कागजात में हरियाणा के बजाए पंजाब के शहरों का पता लिखकर आर्मी में भर्ती हुए थे। नौजवानों के कागजातों की पड़ताल करने के बाद ही पता लगा कि इन्होंने भर्ती होने के दौरान जाली कागजात लगाए थे। इस मामले की जांच कर रहे एएसआई बलबीर सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता सौरभ पांडे की तरफ से भेजी गई शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए दिनेश पुत्र शमशेर निवासी लोधर जींद (हरियाणा), अकरम पुत्र रोशन निवासी खरल जींद (हरियाणा), अजय पुत्र दिलबाग निवासी मोगापत्ती खरल जींद (हरियाणा) और सकीब पुत्र रोशन निवासी बासुपत्ती खरल जींद (हरियाणा) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।