मूल रूप से शाहकोट के गांव बिल्ली चहारम की रहने वाली एनआरआई युवती शरणजीत कौर ने आरोप लगाया कि वह इंसाफ के लिए डेढ़ साल से धक्के खा रही है, लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं कर रहा है। प्रेस क्लब में प्रेसवार्ता के दौरान युवती के साथ आप नेता एचएस वालिया भी मौजूद रहे। इस दौरान युवती ने कहा कि पहले तो उसकी शिकायत पर मामूली धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया।
उसने आरोप लगाया कि अब तो डेढ़ साल का समय भी बीत चुका है, लेकिन पुलिस चालान पेश नहीं कर रही है। वहीं एसपी बलकार सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, जिस वजह से चालान पेश नहीं हुआ। शरणजीत कौर ने कहा कि पांच साल पहले उसकी शाद पड़ोस के गांव के रहने वाले शमिंदर सिंह से हुई थी। उसने आरोप लगाया कि वह पति कोे लेकर यूके चली गई और वहां पर कुछ समय तक सब ठीक रहा, लेकिन बाद में जब शमिंदर सेटल हो गया तो वह उससे मारपीट करने लगा।
शरणजीत कौर के मुताबिक वह पति को लेकर भारत वापस आ गई और यहां पर आकर कई बार पंचायत हुई, लेकिन मारपीट जारी रही। उसने आरोप लगाया कि उस पर मिट्टी को तेल छिड़कर आग लगाने की कोशिश की गई, तो उसने भागकर जान बचाई। आप नेता वालिया ने कहा कि पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज करने के बजाय सिर्फ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कर लिया। वालिया ने कहा कि डेढ़ साल से लड़की इंसाफ के लिए धक्के खा रही है, लेकिन उसकी एक नहीं सुनी गई।
उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाया कि जानबूझकर चालान पेश नहीं किया। शरणजीत कौर का कहना है कि वह लंदन छोड़कर भारत में इंसाफ के लिए धक्के खा रही है और पुलिस उसकी एक नहीं सुन रही है। आप नेता एचएस वालिया ने कहा कि पुलिस एनआरआई युवती को इंसाफ नहीं दे रही हैै। अगर एक हफ्ते में चालान पेश न हुआ तो वह एसएसपी देहात के दफ्तर के बाहर डेरा जमा लेंगे। जब तक चालान पेश नहीं होता वह नहीं उठेंगे। इस दौरान बलजीत सिंह आहलुवालिया, सुखदयाल सिंह भी मौजूद थे।