दुकान में चोरी, व्यापारियों ने पुलिस के खिलाफ जताया रोष
शटर का ताला काटकर दिया चोरी की वारदात को अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। गुरदासपुर रोड स्थित होटल यू नाइट के सामने स्थित माटा जनरल स्टोर में सोमवार रात चोरों ने ताले तोड़कर दुकान से कैश और सोने की बालियां चुरा लीं। चोरी के बारे में दुकान मालिक को उस समय पता चला, जब वह सुबह दुकान पर पहुंचा। दुकानदार जतिन निवासी शास्त्री नगर ने बताया कि उनके पिता नरेन्द्र माटा ने सुबह दुकान खोली तो पाया कि दुकान का सामान अस्त व्यस्त था। चेकिंग करने पर पता चला कि चोर दुकान के पीछे लगे शटर का ताला काटकर अंदर घुसे थे। उन्होंने गल्ले में पड़ी 95 हजार कैश और रिपेयर के लिए घर से लाई सोने की बालियां चुरा ली। वहीं चोर दुकान के पास ही खड़े ट्रक की बैटरी भी चुरा कर ले गए। चोरों ने शटर तोड़ने के लिए पास ही खोखे की छत पर पड़ी तिरपाल को निकाल कर पर्दा किया और फिर ताले को कटर से काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दुकानदार ने बताया कि दुकान के फ्रंट पर कैमरा लगा है। इसी क ारण चोरों ने पिछले शटर को निशाना बनाया।
क्राइम रोकने में नाकाम पुलिस, सड़कों पर उतरेंगे व्यापारी
मौके पर व्यापार मंडल के चेयरमैन भारत महाजन, करियाना यूनियन के प्रधान कुलदीप सिंह, मोबाइल एसोसिएशन प्रधान अमित नैय्यर और चेयरमैन राजीव काला मौके पर पहुंचे। जिला पुलिस को आड़े हाथों से लिया। पुलिस प्रशासन के खिलाफ रोष जताते हुए उन्होंने कहा कि जिला पुलिस मामून में व्यापारी को गोली मार कर हुई लूट का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। जो कि चितंनीय है। उन्होंने बताया कि इससे समूह व्यापारियों में पुलिस प्रशासन के प्रति रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस ने शीघ्र ही आरोपियों को नहीं पकड़ा और शहर में लॉ एंड ऑर्डर मेंटेन नहीं हुआ तो व्यापारी इसके खिलाफ सड़कों पर उतरने से गुरेज नहीं करेंगे।
फोटो:2--चोरों के घुसने वाले स्थान पर जानकारी देते जतिन।
फोटो:-2-पठानकोट पुलिस के खिलाफ रोष व्यक्त करते व्यापारी।