सरहदी गांवों में अवैध रेत खनन, खेतों में कर दिए 20-20 फुट गहरे गड्ढे
अफसर बोले-अधिकारियों की टीम भेजकर रोकेंगे रेत खनन
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा से एक किलोमीटर दूर स्थित सीमांत गांव बारेके के पास सरेआम अवैध रेत खनन किया जा रहा है। रेत निकालने के लिए 20-20 फुट गहरे गड्ढे कर दिए गए हैं, जिससे आसपास रह रहे ग्रामीणों को तमाम परेशानी झेलनी पड़ रही है।
गांव बारेके ग्रामीण जस्सा ने बताया कि उनके खेतों के पास से पानी की छोटी नहर गुजरती है। उसी के पास खेतों में कुछ सियासी लोग अवैध तरीके से रेत खनन कर रहे हैं। रेत खनन करने के कारण उनके खेत भी खराब हो रहे हैं। रेत निकालने के लिए खेतों में 20-20 फुट गहरे गड्ढे किए जा रहे हैं। ग्रामीणों के निकलने के लिए रास्ता तक नहीं है। जब उन्हें रोकने के लिए जाते हैं तो रेत माफिया उनसे लड़ते हैं और कहते हैं कि किसी की ताकत नहीं जो उन्हें रेत खनन से रोक सके। कई बार रेत माफियों से उनका झगड़ा हो चुका है। कई बार नजदीकी थाना पुलिस को शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उधर, डिप्टी कमिश्नर बलविंदर सिंह धालीवाल ने कहा कि कुछ दिन पहले ही माइनिंग विभाग के अधिकारियों से बैठक की है, उन्हें सख्त आदेश दिए हैं कि फिरोजपुर जिले में कहीं भी अवैध माइनिंग नहीं होनी चाहिए। डीसी ने कहा कि गांव बारेके में अवैध रेत खनन चल रहा है तो उसे अधिकारियों की टीम भेज कर बंद करवाएंगे। अवैध माइनिंग करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फोटो संख्या-31एफजेडआरपी02
कैप्शन--फिरोजपुर के सीमांत गांव बारेके के पास अवैध तरीके से रेत खनन करते लोग।
फोटो संख्या-31एफजेडआरपी03
कैप्शन--जस्सा