विधायक ने पकड़वाया कार लुटेरा गिरोह, आठ गिरफ्तार
तीन कारें बरामद, विधायक रिंकू के पास आए थे आधार कार्ड का पता बदलवाने
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर।
जालंधर वेस्ट से विधायक सुशील रिंकू की सतर्कता से आठ सदस्यीय कार लुटेरा गिरोह काबू में आ गया, जिनके पास से तीन कारें बरामद की गई हैं। गिरोह के सदस्यों के खिलाफ पहले से 16 आपराधिक केस दर्ज हैं।
कमिश्नर पीके सिन्हा ने बताया कि 7 फरवरी को कुछ संदिग्ध युवक विधायक सुशील रिंकू के घर पर गए थे और उनसे मदद मांगी थी कि उनको अपने आधार कार्ड का पता बदलवाना है। जिस पर रिंकू ने उनसे आईडी प्रूफ मांगे थे। जिस पर युवक टालमटोल करने लगे और वहां से निकल गए। इस पर विधायक रिंकू को शंका हुई तो उन्होंने अपने कर्मचारियों को हिदायत दी कि जो युवक यहां से निकले हैं, उनके व्हीकल की फोटो खींच ली जाए। रिंकू ने तत्काल फोटो को पुलिस कमिश्नर को भेजा।
जिसकी जांच सीआईए स्टाफ को दी गयी, पुलिस ने संग्राम सिंह निवासी वालियामझपुर जंडियाला गुरू अमृतसर, गुरप्रीत सिंह गांव गदली जंडियाला गुरू, शगनदीप सिंह निवासी देवीदासपुरा जंडियाला गुरू, अभिलष उर्फ अभि निवासी गांव टोहनी देवी जिला हमीरपुर हिमाचल प्रदेश को काबू किया। पता चला कि आरोपी कारों को चोरी कर आगे जाली नंबर प्लेट लागकर मार्केट में बेचते हैं। चोरों से दो चोरी की कारों को बरामद किया गया। इनकी सख्ती से पूछताछ हुई तो इस गिरोह के चार अन्य सदस्यों के नाम सामने आए। जिनकी पहचान जोबन सिंह निवासी फाजलपुर तरनतारन, विक्रमजीत सिंह निवासी रैय्या अमृतसर, सर्बजीत सिंह निवासी बस्ती शेख, तलविंदर सिंह निवासी तरनतारन के रूप में हुई, जिनसे एक अन्य चोरी की कार बरामद हुई।
आरोपी पुुलिस को कोई केसों में वांछित थे और उनकी काफी समय से तलाश की जा रही थी। गिरोह के सदस्य अपना पता बदलकर आगे अपने अन्य प्रूफ तैयार करना चाहते थे, लेकिन विधायक की सतर्कता से उनको काबू कर लिया गया।