विवाहिता पूजा का हत्यारा निकला मामा
मामा को घर से गहने चोरी करते समय देख लिया था पूजा ने
चोरी किए गए गहने बेचने पर नशे का आदी आरोपी पकड़ा गया
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। क्षेत्र की बस्ती टैंकावाली के बहुचर्चित पूजा हत्याकांड को पुलिस ने 83 दिन में सुलझाने का दावा किया है। पूजा की हत्या करने वाला उसका रिश्तेदारी में लगता नशेड़ी मामा निकला। हत्या का सुराग घर से चोरी किए गए गहनों के बेचने से लगा है। थाना कैंट पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पूजा की हत्या 27 नवंबर को हुई थी। आरोपी हत्या करने के बाद पूजा के हाथ-पांव बांधकर बेड के बाक्स में छुपाकर घर के मेन गेट का अंदर से दरवाजा बंद करके फरार हो गया था। बहुचर्चित पूजा हत्याकांड में शक की सुई शुरू से ही पूजा के रिश्तेदारों और उसके पति मनमोहन के दोस्तों के इर्द-गिर्द घूम रही थी। पकड़े गए आरोपी से पहले भी पुलिस घंटो पूछताछ कर चुकी थी, साक्ष्यों के अभाव में किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई। मंगलवार को सीआईए स्टाफ मेंप्रेसवार्ता के दौरान एसपी (डी) बलजीत सिंह सिद्दू, डीएसपी जसपाल सिंह व सीआईए स्टाफ प्रभारी त्रिलोचन सिंह ने बताया कि पूजा की हत्यारे की तलाश के लिए एक टीम मामले पर लगातार निगाह लगाए हुए थे। कुछ दिनों बाद मनमोहन ठाकुर व उसके पिता सुभाष ने बताया कि उनके घर से सोने के जेवरात भी चोरी हुए थे। इससे जांच की दिशा बदली और सुनारों से पूछताछ शुरू हुई।
जांच के दौरान अजय पटियाल पुत्र रोशन लाल वासी वीर नगर गली नंबर एक फिरोजपुर शहर चोरी के गहने बेचने चला गया। पुलिस ने गहनों की पहचान उसके पति व ससुर से करवाई, जो कि पूजा के निकले। घर से चोरी हुए गहनों के आधार पुलिस की जांच आगे बढ़ी और आरोपी अजय पटियाल को पुलिस ने काबू कर लिया। आरोपी से पूछताछ के दौरान पूजा के जालंधर निवासी माता-पिता चानन सिंह को भी बुलाया गया। आरोपी ने उनके समक्ष अपने गुनाह कबूल करते हुए बताया कि घटना वाले दिन वह पूजा के घर चोरी करने गया था। चोरी करते समय पूजा ने उसे देख लिया, इसलिए उसने गला घोट कर पूजा की हत्या कर दी और पूजा का हाथ-पांव बांध कर बेड के बाक्स में छुपा कर भाग गया। संपर्क करने पर जनता कालोनी नजदीक मकसूदा जालंधर शहर निवासी पूजा के पिता चानन सिंह व मां ने बताया कि सोमवार को पुलिस ने उन्हें फिरोजपुर बुलाया था और उनके सामने ही आरोपी अजय ने अपना गुनाह स्वीकार करते हुए माना कि वह घर में चोरी करने के लिए घुसा था। पूजा के देख लेने उसने उसकी हत्या कर दी थी।