शराब ठेके के सेल्समैन से लूटे चार हजार
अमर उजाला ब्यूरो
मोगा। थाना बधनी कलां के गांव लोपों में शनिवार की दोपहर को कार सवार दो लुटेरों ने रिवाल्वर दिखाकर शराब ठेके के सेल्समैन से चार हजार रुपये नकद और मोबाइल छीनकर उसे ठेके में बंद करके मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी थाना बधनी कलां के प्रभारी पलविंदर सिंह के अनुसार शिकायतकर्ता सुनील कुमार ने पुलिस को दर्ज करवाए बयान में कहा कि वह शराब ठेकेदारों के पास नौकरी करता है। इस समय उसे गांव लोपों में शराब ठेकेदार पर सेल्समैन की जिम्मेदारी दी गई है। शनिवार की दोपहर को वह ठेके पर मौजूद था तो ऑल्टो कार सवार दो लोग वहां आए और उससे शराब की बोतल मांगी। जब शिकायतकर्ता ने शराब की बोतल उन्हें दी तो एक व्यक्ति ने उसका हाथ पकड़ लिया और दूसरे ने रिवाल्वर दिखाकर उसे ठेके से बाहर आने को कहा। इस दौरान आरोपियों ने उसकी जेब से चार हजार रुपये की नकदी और उसका मोबाइल छीना। इसके बाद उसे शराब ठेके में बंद करके बाहर से ताला लगाकर फरार हो गए। जांच अधिकारी का कहना है कि मामले में लुटेरों के खिलाफ केस दर्ज किया जा रहा है।