अमर उजाला ब्यूरो
मोगा। कोटकपूरा बाईपास पर बने फ्लाईओवर से शनिवार शाम को एक लड़की कूद गई। गंभीर अवस्था में लड़की को पेट्रोलिंग कर रही पुलिस ने सिविल अस्पताल पहुंचाया जहां पर उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार मोनिका (19) पुत्री राम कुमार वासी गांव चूड़ीवाल (फाजिल्का) ने शनिवार शाम करीब पांच बजे कोटकपूरा बाईपास पर फ्लाईवर के ऊपर से छलांग लगा दी। इस दौरान उसे वहां पर पेट्रोलिंग कर रही पुलिस पार्टी ने देख लिया। पुलिस ने गंभीर घायल अवस्था में लड़की को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया। जब लड़की को पुलिस टीम अस्पताल ले जा रही थी तो उसने पुलिस वालों को अपनी पहचान बताते हुए बताया कि वह अबोहर के एक कालेज में पढ़ती है। पुलिस ने लड़की से उसके परिजनों का मोबाइल नंबर लेकर उन्हें सूचना दे दी है। खबर लिखे जाने तक लड़की का परिवार मोगा नहीं पहुंचा था।