महिला को अगवा कर नशीली कोल्डड्रिंक्स पिला किया गैंगरेप
पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ किया मामला दर्ज, फरार
आरोपी बेहोशी की हालत में पीड़िता को छोड़ गए जलालाबाद
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। फाजिल्का रेलवे पुल पर खड़ी किसी का इंतजार कर रही एक 24 वर्षीय महिला को कार सवार तीन आरोपी अगवा कर ले गए और नशीली कोल्डड्रिंक्स पिलाकर गुरुहरसहाए की दाना मंडी में उसके साथ गैंगरेप किया। पीड़िता की गंभीर हालत देख उसे फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कालेज में दाखिल करवाया गया है। उधर, थाना गुरुहरसहाए पुलिस ने रविवार को पीड़िता के बयान पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। तीनों आरोपी फरार है।
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वह फाजिल्का रेलवे पुल पर खड़ी किसी का इंतजार कर रही थी। एक सफेद रंग की कार उसके पास आकर रुकी, जिसमें तीन लोग सवार थे। आरोपियों ने उसे जबरन कार में बैठा लिया। उसने उनका विरोध किया तो आरोपियों ने कहा कि तुझे जलालाबाद जाना है, वहीं पर उतार देंगे। आरोपियों ने गर्मी के चलते उसे जबरदस्ती कोल्ड ड्रिंक्स पिला दी, जिसमें कुछ नशीली वस्तु मिली हुई थी। उसे पीते ही वह बेहोश हो गई। आरोपी उसे गुरुहरसहाए की दाना मंडी ले गए और वहां पर उसके साथ तीनों ने गैंगरेप किया।
उसके बाद आरोपी उसे बेहोशी की हालत में जलालाबाद में सड़क किनारे छोड़ गए। किसी तरह वह अपने घर पहुंची और आपबीती परिजनों को सुनाई। पीड़िता की गंभीर हालत देख परिजनों ने उसे सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां डाक्टरों ने उसे फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कालेज ेफर कर दिया। पीड़िता ने उक्त तीनों आरोपियों की पहचान कर ली थी। मामले की तहकीकात कर रहे एएसआई हरबंस सिंह ने बताया पीड़िता के बयान पर आरोपी अमन, रत्तन व अनमोल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। तीनों आरोपी फरार है। आरोपियों की तलाश में छापामारी की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।