करियाना व्यापारी की हत्या में कई संदिग्धों को उठाया
पुलिस किसी भी समय कर सकती है मामले का पर्दाफाश
पुलिस ने धारा 460 के तहत अज्ञात पर दर्ज किया मामला
अमर उजाला ब्यूरो
अबोहर। उपमंडल के गांव कंधवाला अमरकोट में शुक्रवार रात्रि हुई करियाना व्यापारी की हत्या के मामले में थाना बहाववाला पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ घर में घुसकर तोड़फोड़ करते हुए हत्या करने के आरोप में भारतीय दंड संहिता की धारा 460 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इधर वारदात के दूसरे दिन भी घटनास्थल पर पुलिस अधिकारियों का आना-जाना लगा रहा। धारा 460 के तहत आरोप साबित होने पर आजीवन कारावास का प्रावधान है।
शनिवार की शाम बेहद गमगीन माहौल में लालचंद के शव का गांव की शिवपुरी में अंतिम संस्कार किया गया। इसके बाद पूरी रात पुलिस घटनास्थल पर तैनात रही। वहीं कुछ संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। सुबह होते ही गांव में पुलिस अधिकारियों का आना-जाना शुरू हो गया। पुलिस की एक टीम ने उस खेत का भी दौरा किया, जिसमें लालचंद पानी लगाकर वापस अपने घर आया था।
इसके साथ पुलिस ने गांव की कई गलियों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली, ताकि रात के समय गलियों में आने-जाने वालों का पता लगाया जा सके। थाना बहाववाला प्रभारी ने बताया कि एसएसपी के दिशा निर्देशों पर पुलिस टीमें अलग-अलग तरीके से मामले की जांच कर रही है और शीघ्र ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद है। ज्ञात हो कि गांव कंधवाला अमरकोट निवासी करियाना व्यापारी लालचंद की शुक्रवार रात अज्ञात लोगों ने घर में घुसकर उसके हाथ-पांव बांध कर उसकी हत्या कर दी। मामले की जांच के लिए जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी जुटे हैं। डीएसपी गुरविंद्र सिंह संघा ने मामले में बताया कि पुलिस शीघ्र ही बड़ा खुलासा करेगी।