ट्राले और बाइक की भिड़ंत में महिला की मौत, दो घायल
पुलिस ने ट्राले वाले के खिलाफ किया मामला दर्ज, घायल मुक्तसर रेफर
अमर उजाला ब्यूरो
जलालाबाद (फिरोजपुर)। क्षेत्र के निर्मला अस्पताल के पास सोमवार दोपहर एक ट्राले ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर मौत हो गई। दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दोनों घायलों को अस्पताल में दाखिल करवाया गया। यहां डाक्टरों ने दोनों की नाजुक हालत देखते हुए श्री मुक्तसर साहिब के अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पुलिस ने पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार गांव सोहनासांदड़ वासी मलकीत सिंह अपने रिश्तेदार परमजीत कौर वासी दिलाराम (गुरुहरसहाए) और बलविंदर कौर वासी गांव जल्लूका (फिरोजपुर) के साथ बाइक पर फाजिल्का से जलालाबाद की तरफ आ रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे निर्मला अस्पताल के पास पीछे से एक ट्राले ने बाइक को टक्कर मार दी। इस कारण मलकीत सिंह अनियंत्रित होकर बाइक समेत सड़क पर गिर गया और परमजीत कौर के ऊपर से ट्राला गुजर गया। हादसे में परमजीत कौर की मौके पर ही मौत हो गई। मलकीत सिंह और बलविंदर कौर गंभीर रूप से घायल हो गए।