हेरोइन समेत दो तस्कर गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से हेरोइन बरामद की है। हेरोइन पाकिस्तान से लाई गई थी। थाना सदर फिरोजपुर पुलिस ने शुक्रवार को दोनों तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक एएसआई महल सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि सुरेंद्र सिंह वासी कमालपुर सुलतानपुर जिला जालंधर और जोगा सिंह वासी अटारी थाना आरएफके जिला फिरोजपुर हेरोइन बेचने का कारोबार करते हैं। एएसआई ने अपनी टीम के साथ गांव अटारी के पास एक स्विफ्ट को रोककर तलाशी ली। कार में सुरेंद्र और जोगा सवार थे। तलाशी लेने पर सुरेंद्र से 250 ग्राम हेरोइन और जोगा से 50 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।