सीआईए स्टाफ ने मुखबिर की सूचना के आधार पर एक नशा तस्कर को 105 किलो डोडे, चूरा पोस्त और 100 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। थाना सुल्तानपुर लोधी की पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करके पड़ताल शुरू कर दी है।
सीआईए स्टाफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर जतिंदरजीत सिंह ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक नशा तस्कर बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों की खेप लेकर आ रहा है। सीआईए स्टाफ के एएसआई हरजीत सिंह ने पुलिस पोस्ट डल्ला के इंचार्ज एएसआई अशोक कुमार के साथ मिलकर टी-प्वाइंट नसीरेवाल में नाकाबंदी कर दी। इस दौरान उन्होंने केहर सिंह निवासी गांव तोती सुल्तानपुर लोधी को आते देखा। जब उसे रुकने का इशारा किया तो उसने भागने की कोशिश की। इसपर पुलिस ने पीछा करके उसे गिरफ्तार कर लिया। जब उसके सामान की तलाशी ली गई तो उसके पास से 105 किलो डोडे चूरा पोस्त और 100 ग्राम अफीम बरामद हुई। पूछताछ में उसने बताया कि वह यह खेप किसी को पहुंचाने जा रहा था। सीआईए इंचार्ज के अनुसार उससे पूछताछ में कई और खुलासे होने की संभावना है। थाना सुल्तानपुर लोधी में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।