जेल से फोन कर हवालातियों ने मंगवाए बीड़ी के बंडल
दोनों ने मोबाइल बरामद, तीन पर दर्ज किया गया मामला
आरोपी टिंडे़ की गिरफ्तारी को पुलिस कर रही छापामारी
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। सेंट्रल जेल फिरोजपुर में बंद दो हवालातियों ने जेल के अंदर से मोबाइल से कॉल कर किसी व्यक्ति से बीड़ी के बंडल जेल के अंदर मंगवाए। उन्हें जेल मुलाजिमों ने काबू कर लिया। जेल के बाहर से किसी व्यक्ति ने एक प्लास्टिक की बोतल में बीड़ियां डालकर और उसमें थोड़ी रेत भरकर जेल के अंदर फेंकी थी। उधर, थाना सिटी पुलिस ने वीरवार को जेल सुपरिंटेंडेंट की शिकायत पर दो हवालातियों समेत तीन पर मामला दर्ज किया है।
सेंट्रल जेल फिरोजपुर में बंद कई बार कैदियों, गैंगस्टरों व हवालातियों से मोबाइल फोन पकड़े गए हैं। बावजूद इसके हवालातियों व कैदियों के पास बड़ी आसानी से मोबाइल जेल में पहुंच रहे हैं। हवालाती गोपाल चंद ने हवालाती बंटी के मोबाइल से जेल के बाहर अपने साथी टिंडे़ के मोबाइल पर कॉल कर बीड़ियों का बंडल जेल के अंदर मंगवाया। टिंड़े को जेल की लोकेशन भी बताई ताकि बीड़ी फेंकते समय वह उस स्थान पर मौजूद होंगे। टिंड़े ने एक प्लास्टिक की बोतल में बीड़ियों के बंडल खोलकर उसमें बीड़ियां डाली और बोतल में थोड़ी रेत भरकर उसे जेल के अंदर बताई हुई जगह पर फेंक दी। जैसे ही बोतल जेल के अंदर जाकर गिरी किसी जेल मुलाजिम ने देख लिया। जेल प्रशासन ने हवालाती गोपाल व बंटी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों के पास से मोबाइल बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि उन्होंने टिंडे़ नाम के साथी को फोन कर बीड़ियां जेल में मंगवाई थी। थाना सिटी पुलिस ने जेल सुपरिंटेंडेंट की शिकायत पर गोपाल, बंटी व टिंड़े के खिलाफ मामला दर्ज किया है। टिंड़े की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।