विद्यार्थियों की जगह पेपर दे रहे दो युवक गिरफ्तार
दोनों युवकों समेत विद्यार्थियों पर भी मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गिद्दड़बाहा (मुक्तसर)।
सरकारी हाई स्कूल गांव मधीर में 12वीं कक्षा ओपन की चल रही परीक्षा में किसी और की जगह पेपर दे रहे दो युवक गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने पकड़े गए दोनों युवकों समेत उन विद्यार्थियों पर भी मामला दर्ज कर लिया है, जिसकी जगह पर वह परीक्षा देने आए थे। स्कूल प्रिंसिपल बलतेज सिंह ने थाना कोटभाई पुलिस को दी लिखित शिकायत में बताया कि उनके स्कूल में बने सेंटर नंबर 55990 में परीक्षा चल रही थी।
इस दौरान अंग्रेजी के पेपर में विद्यार्थी दविंदर सिंह रोल नंबर 2018571104 की जगह अन्य छात्र सुखचैन सिंह वासी गांव जंडवाला पेपर देता पकड़ा गया। इस तरह छात्र अमरजीत सिंह की जगह छात्र जगदीप सिंह वासी गांव भलाईआना पेपर देता हुआ पकड़ा गया है। प्रिंसिपल के अनुसार स्कूल के कमरा नंबर एक में ड्यूटी पर तैनात अधिकारी कमलजीत सिंह की ओर से जब विद्यार्थियों के रोल नंबर और पहचान पत्रों की जांच की जा रही थी, तो दोनों युवक किसी और छात्रों की जगह पेपर देते पकड़े गए।
थाना कोटभाई पुलिस की ओर से पेपर दे रहे दोनों युवकाें को मौके से गिरफ्तार कर जहां उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं जिन दो विद्यार्थियों की जगह युवक पेपर देने आए थे, उनके खिलाफ भी मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच एएसआई विपन कुमार की ओर से की जा रही है।