डॉक्टर ने महिला मरीज को बाल पकड़कर पीटा
वीडियो वायरल होने पर हरकत में आई पुलिस ने दर्ज किया केस
घटना की रिपोर्ट तैयार कर भेजी वरिष्ठ अधिकारियों को: एसएमओ
महिला को पीटते हुए
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर।
सिविल अस्पताल में दवा लेने आई एक महिला के बाल पकड़कर डाक्टर ने लात-घूसों से जमकर पीटा। घटना का वीडियो वायरल होने पर जिला व पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। वीडियो देख एसएसपी प्रीतम सिंह ने आरोपी डाक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कराया और वीडियो में मूकदर्शक खड़े पुलिस मुलाजिमों पर विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए हैं। महिला गांव मलुवालिया वाला से दवा लेने सिविल अस्पताल में आई थी। घटना शुक्रवार की बताई जा रही है।
वायरल वीडियो में ईएंडटी डॉ. कुशलदीप सिंह महिला मरीज को बाल से पकड़कर पूरे अस्पताल में घसीटते हुए उसे लात-घूसों से मारते नजर आ रहे हैं। यही नहीं डॉक्टर महिला से गाली-गलौच भी कर रहा है। साथ में दो पुलिस मुलाजिम भी मूक दर्शक की तरह खड़े नजर आ रहे हैं, जो महिला को छुड़वाने की कोशिश नहीं कर रहे हैं। वीडियो में आरोपी डॉक्टर महिला को घसीट कर डॉ. जीएस गोराया के चैंबर के सामने कुर्सी पर बैठाकर फिर से बाल पकड़कर पीटना शुरू कर देता है। अन्य डॉक्टर महिला को छुड़वाने के लिए बाहर नहीं निकलते हैं और अपने चैंबर का दरवाजा बंद कर लेते हैं।
डॉ. कुशलदीप सिंह ने मामले सफाई देते हुए कहा कि महिला उससे दवा मांग रही थी, उन्होंने पंद्रह दिन की दवा दे दी थी। उसके बाद वह अपनी कुर्सी से उठकर कहीं चले गए और जब वापस आए तो महिला उसकी कुर्सी पर बैठी थी। महिला ने उसे थप्पड़ भी मारा था। इस संबंधी उन्होंने एसएमओ डॉ. प्रदीप अग्रवाल को शिकायत की थी।
उधर, एसएसपी प्रीतम सिंह ने बताया वीडियो को देख आरोपी डाक्टर के खिलाफ थाना सिटी में मामला दर्ज किया गया है। पीड़ित महिला की भी तलाश की जा रही है। इसके अलावा जो पुलिस वाले घटना के समय मूकदर्शक बने खड़े थे उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। दूसरी तरफ, सिविल अस्पताल फिरोजपुर के एसएमओ डॉ. प्रदीप अग्रवाल ने कहा कि शनिवार को वीडियो देखने पर ही मामला उनके ध्यान में आया है। इस संबंधी उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को आरोपी डॉक्टर के खिलाफ पत्र लिखा है। वरिष्ठ अधिकारी ही आरोपी डॉक्टर के खिलाफ कोई सख्त एक्शन लेंगे। उधर, शहरी हलके के कांग्रेसी विधायक परमिंदर सिंह पिंकी ने कहा कि सिविल अस्पताल में हुई इस घटना की वह सख्त शब्दों में निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई करवाएंगे ताकि ऐसी घटना दोबारा कोई डॉक्टर मरीज के साथ न करे।