पठानकोट। थाना नंबर 2 की पुलिस ने शनिवार को दौलतपुर ढाकी में नाके के दौरान 100 पेटी अवैध शराब के साथ छोटा हाथी वाहन जब्त किया है। वाहन चला रहा ड्राइवर नाका देखकर गाड़ी को पीछे ही खड़ी कर भाग निकला। पुलिस ने वाहन से चंडीगढ़ मार्का 100 पेटी अंग्रेजी शराब, इंश्योरेंस और फाइनेंसर की कापियां बरामद हुई हैं। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
डीएसपी सिटी प्रेम कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि एएसआई बलविंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस पार्टी दौलतपुर ढाकी सामने दशहरा ग्राउंड के पास मौजूद थे। इस दौरान एक छोटा हाथी दौलतपुर साइड से आया। ड्राइवर पुलिस पार्टी को देखकर वाहन को पीछे खड़ा करके भाग गया। पुलिस ने मौके पर जाकर देखा तो वाहन पिछली साइड से तिरपाल से ढका था। तिरपाल को खोलकर चेक किया गया तो 100 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने केबिन को चैक करने पर 2 कापियां भी बरामद कीं, जिस पर धालीवाल ब्रदर्स फाइनेंस कंपनी लिखा था। चेक करने पर एक कापी जगदीश राज निवासी जसवाली के नाम पर और दूसरी कापी दीपक कुमार निवासी जसवाली के नाम पर है और 2 इंश्योरेंस कापियां बरामद हुईं, जो जगदीश राज के नाम पर है। वाहन पर आगे और पीछे के अलग-अलग नंबर लिखे थे। पिुलिस ने वाहन व शराब कब्जे में लेकर थाना डिवीजन नंबर 2 में अज्ञात लोगों के खिलाफ एक्साइज एक्ट और धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।