फाजिल्का। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला पुलिस ने एक महिला और पुरुष को 200 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी हरियाणा से फाजिल्का में ग्राहकों को हेरोइन सप्लाई करने के लिए लाए थे। जिन्हें पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान काबू कर लिया।
इस संबंधी फाजिल्का के एसएसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में एसपी रणबीर सिंह ने बताया कि डीएसपी पुलिस मेजर क्राइम भूपिंदर सिंह की अगुवाई में सीआईए स्टाफ के कर्मचारियों सहित महिला कर्मचारी ने नाकाबंदी के दौरान सिरसा के सच्ची दाढ़ी गली नंबर 5 निवासी हिना रानी और अबोहर की धर्मनगरी निवासी सन्नी को रोक कर शक के आधार पर तलाशी ली। इस दौरान उनसे 200 ग्राम हेरोइन और 50 हजार रुपये ड्रग मनी बरामद हुई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई कि उनकी ओर से यह हेरोइन सिटी फाजिल्का के ग्राहकों को सप्लाई की जानी थी। बताया कि आरोपी सन्नी के खिलाफ पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि आरोपियों को अदालत में पेश करके रिमांड की मांग की जाएगी।