फिरोजपुर में सेना की गोल्डन कैंटीन के पास मिली माइंस
माइंस डिफ्यूज करते समय हुआ धमाका, सेना ने सील किया रास्ता
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। सेना की गोल्डन ऐरो कैंटीन के पास रविवार सुबह एक माइंस मिलने के बाद अफरा-तफरी मच गई। सेना ने पूरा रास्ता सील कर दिया। माइंस डिफ्यूज करते समय जोरदार धमाका हुआ।
सूत्रों के मुताबिक रविवार करीब साढ़े ग्यारह बजे गोल्डन ऐरो कैंटीन के नजदीक बने एसबीआई एटीएम के पास माइंस देखी गई। इसकी सूचना सेना के अधिकारियों को दी गई। इसके बाद सेना ने पूरा इलाका सील कर दिया। माइंस को उठाकर सुरक्षित जगह ले जाना ठीक नहीं था, क्योंकि वजन पड़ते ही वह फट सकती थी। सेना ने इसे वहीं पर डिफ्यूज करने के लिए पूरा बंदोबस्त किया। डिफ्यूज करते समय जोरदार धमाका हुआ। माइंस के यहां पर पहुंचने की जांच शुरू कर दी गई है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि माइंस पर थोड़ा भी वजन पड़ता है, तो वह फट जाती है।
उल्लेखनीय है कि कुछ साल पहले पुराने बम छावनी स्थित एक कबाड़ी की दुकान पर लाकर उसमें से पीतल निकालने का प्रयास किया जा रहा था। पीतल निकालते समय धमाका होने पर लगभग दो लोग मर गए थे। जानकारों का कहना है कि माइंस भी स्क्रैप के जरिए यहां पर पहुंची है। वहीं इस संबंध में सेना का कोई भी अधिकारी कुछ भी बताने को तैयार नहीं है।