रिटायर्ड प्रिंसिपल के खाते से 1.20 लाख निकाले
अमर उजाला ब्यूरो
मोगा। जुझार नगर निवासी रिटायर्ड प्रिंसिपल ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाए हैं कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके बैंक खाते से 1.20 लाख रुपये निकाल लिए हैं। थाना सिटी पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।
मामले की जांच कर रहे सब इंस्पेक्टर गुरबख्श सिंह के अनुसार शिकायतकर्ता हरिंदरपाल कौर वासी जुझार नगर ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाए हैं कि वह सरकारी स्कूल से सेवामुक्त प्रिंसिपल है। अमृतसर रोड पर स्थित एसबीआई बैंक की ब्रांच में उसका बैंक खाता चल रहा है, जिसमें करीब 1 लाख 81 हजार रुपये थे। महिला के अनुसार 8 फरवरी के दिन अज्ञात व्यक्ति ने उसके बैंक खाते से 1.20 लाख रुपये आनलाइन किसी व्यक्ति के एकाउंट में ट्रांसफर कर दिए। बैंक अधिकारियों ने बताया खाते से संतोख सिंह वासी गुड़गांव रोड सुलतानपुर (दिल्ली) नामक व्यक्ति के एकाउंट में रुपये ट्रांसफर हुए हैं। इसके बाद उसने पुलिस के पास इसकी शिकायत कर दी। अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।