विदेश भेजने का झांसा देकर दो व्यक्तियों से ठगे 22 लाख
पुलिस ने दो आरोपियों पर किया मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। दुबई व कनाडा भेजने का झांसा देकर दो अलग-अलग व्यक्तियों से ट्रेवल एजेंटों ने 22 लाख रुपये ठग लिए। थाना कैंट पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जबकि ममदोट पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
पहला मामला थाना ममदोट का है, पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित गुरविंदर पुत्र इकबाल सिंह ने बताया है कि उसे ममदोट के गांव अटारी निवासी जितेंद्र सिंह व उसके साथी ने दुबई में ड्राइवर की नौकरी का झांसा देकर 8 लाख की ठगी की है, अब आरोपी उसका पैसा भी वापस नहीं कर रहे हैं। पीड़ित ने बताया कि उसने आठ लाख रुपये जितेंद्र को दे दिए थे, दुबई पहुंचने पर पता चला कि ट्रेवल एजेंट ने उस कंपनी में चार लाख रुपये ही जमा नहीं कराए, जिस कंपनी ने उसे ड्राइवर की नौकरी देनी थी। इसीलिए कंपनी ने नौकरी देने से मना कर दिया, जिसके बाद वह घर से 1.20 लाख रुपये मंगवाकर वापस भारत लौटा, शिकायत के आधार पर पुलिस ने उक्त आरोपी पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरा मामला थाना कैंट फिरोजपुर का है, जिसमें पीड़ित सुरेंद्र गुप्ता पुत्र संतराम गुप्ता वासी पंजाबी बाग पटियाला ने बताया कि आरोपी विमल कुमार, संगीता वासी पुराना बस अड्डा बरनाला हाल निवास पंजौर हरियाणा ने कनाड़ा भेजने के नाम पर 14 लाख रुपये की ठगी की है। घटना की जांच कर रहे एएसआई महेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित ने पैसे आरोपियों को फिरोजपुर कचहरी में दिए थे, इसीलिए यह मुकदमा थाना कैंट में रविवार को दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की अभी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।