पासपोर्ट कार्यालय के बाहर लोगों से उगाही का आरोप
पुलिस ने 12 लोगों को किया गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर।
पुलिस कमिश्नरेट की टीम ने पासपोर्ट कार्यालय के बाहर एक गिरोह बनाकर फाइल भरने के नाम पर लोगों से उगाही के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार किया है। ये लोग पासपोर्ट विभाग के सेवा केंद्रों के बाहर अपना कारोबार चला रहे थे। आरोपियों की पहचान जोगिंदर कपूर उर्फ जिंदा निवासी जीटी रोड मकसूदां जालंधर, गुरिंदर सिंह निवासी जैतेवाली, सतीश कुमार वासी बस्ती गुजां, सम्मी हीर निवासी नानक पिंड, मेजर सिंह, कुलवंत सिंह दोनों निवासी हरदोफला और अश्विनी कुमार वासी बस्ती नौ जालंधर के तौर पर हुई है।
एसीपी केंद्रीय सतिंदर चड्डा ने प्रेसवार्ता में बताया कि इस तरह थाना डिवीजन नंबर 4 के अंतर्गत नकोदर चौक स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र दफ्तर के बाहर से पुलिस ने ठगी करने वाले 5 युवकों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान विशाल और रवि दोनों वासी जमशेर, दीपक निवासी आबादपुरा जालंधर, अजय कुमार निवासी गोबिंद नगर सोढल रोड जालंधर, विरल निवासी वडाला चौक जालंधर के तौर पर हुई है।