पत्नी का हत्या यूपी से गिरफ्तार
16 फरवरी को वारदात को अंजाम देने के बाद से था फरार
विशेष टीम को भेजा गया था उत्तर प्रदेश
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। जिले के लैदर कांप्लेक्स इलाके में पत्नी की गला घोटकर हत्या करने के आरोपी पति को पुलिस ने बहराइच (यूपी) के रानीपुर गांव से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पत्नी की 16 फरवरी को हत्या कर फरार हो गया था। पुलिस की एक विशेष टीम यूपी रवाना की गई थी।
16 फरवरी को सुनीता देवी उर्फ गुड़िया का शव उसके कमरे से बरामद किया गया था। सुनीता व उसका पति सुरिंदर न्यू राजन नगर में किराए के मकान में रहते थे। सुरिंदर नजदीक ही गंदे नाले के पास रेहड़ी लगाता है। रविवार 17 फरवरी को दोपहर करीब 3.30 बजे महिला के माता पिता किसी काम से आए तो वारदात का खुलासा हुआ। सुनीता का पति सुरिंदर सिंह रविवार सुबह करीब 11 बजे से लापता था।
डीसीपी गुरमीत सिंह ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस ने आरोपी सुरिंदर पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया था। उसकी तलाश की जा रही थी। पुलिस की एक टीम को सूचना मिली कि सुरिंदर यूपी के बहराइच में अपने गांव रानीपुर में छिपा हुआ है। इसके बाद एक पुलिस टीम को रवाना किया गया और पुलिस ने सुरिंदर को गिरफ्तार कर लिया। प्राथमिक जांच में पता चला कि सुरिंदर को अपनी पत्नी सुनीता के चरित्र पर शक था। इसी कारण वह अक्सर शराब पीकर पत्नी के साथ झगड़ा करता था। 16 फरवरी को भी पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ और सुरिंदर ने पत्नी को डंडे से पीटा। इसके बाद गला घोटकर हत्या कर दी। इसके बाद सुरिंदर ने कमरे को बाहर से ताला लगाया और फरार हो गया था।