आतंकियों से संबंधित साइड स्टोरी-2
बड़ी लापरवाही, हॉस्टल में पहुंचा विस्फोटक
चेयरमैन ने झाला पल्ला, सीटी ग्रुप को जांच के दायरे में लाएगी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। तीन कश्मीरी आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद बड़ा सवाल है कि आखिरकार जेएंडके से पंजाब तक हथियार व विस्फोटक पहुंचा कैसे। इसके अलावा हॉस्टल में सिक्योरिटी चेक के बिना विस्फोटक कैसे गया? पटियाला के बनूड़ में स्थित आर्यन ग्रुप के इंजीनियरिंग कॉलेज और जालंधर में स्थित सीटी ग्रुप जांच के दायरे में है। जालंधर पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा है कि दोनों कैंपस में छानबीन की जाएगी।
हॉस्टल के भीतर हथियारों व विस्फोटक पदार्थ पहुंचने से उन अभिभावकों में खासी चिंता है कि जिनके बच्चे इन संस्थानों में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। वहीं सीटी ग्रुप के चेयरमैन ने कहा कि मंगलवार रात करीब 11 बजे पुलिस प्रशासन ने संदिग्ध विद्यार्थियों की बात कहकर शाहपुर कैंपस में सहयोग का अनुरोध किया था। जब हम सभी शाहपुर कैंपस पहुंचे तो वहां पुलिस अधिकारियों ने उन्हें रिसेप्शन पर रुकने को कहा। इसके बाद रूम नंबर 94 से संदिग्ध बीटेक के दो छात्रों और उनके अतिथि को मुंह ढककर बाहर लाया गया। जब पुलिस अधिकारियों से इस संबंध में पूछा तो उन्होंने पूरी जांच होने तक रुकने को कहा। उन्हें यह भी नहीं पता कि उनके कमरे से क्या बरामद हुआ हैं। प्राइवेसी की समस्या के कारण विद्यार्थियों और अतिथियों के सामान की जांच नहीं की जाती हैं। हम हर किसी पर संदेह नहीं कर सकते। वहीं कमिश्नर भुल्लर का कहना है कि संस्थान सीटी ग्रुप को जांच के दायरे में लाया जाएगा।