तीन माह की बच्ची उठाकर दो फरार, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। थाना सिटी जीरा के अंतर्गत नई तलवंडी रोड के पास स्थित एक घर के आंगन में चारपाई पर सो रही तीन माह की बच्ची को दो लोग उठा ले गए। बच्ची की मां कमरे में काम कर रही थी। थाना सिटी जीरा पुलिस ने रविवार को पीड़िता के बयान पर दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पूजा देवी (25) पत्नी होरियल पासवान वासी सिंदल गोला थाना कुलीकोट जिला किश्नगंज (बिहार) ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि मौजूद समय में नई तलवंडी रोड (जीरा) में रहते हैं। शनिवार दिन में वह घर के आंगन में चारपाई पर अपनी तीन माह की बच्ची को लेटा कर घर का काम कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर एक महिला और एक व्यक्ति आए और उसकी बेटी को उठाकर बाइक से फरार हो गए। मामले की जांच कर रहे एएसआई जोगराज सिंह के मुताबिक बच्ची को उठाने वालों की तलाश में सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला है। पूजा देवी ने आरोपियों का हुलिया बताया है, जिसके आधार पर अमृतसर से आरोपियों के स्कैच तैयार करवाए जा रहे हैं।