जमीन विवाद फायरिंग में युवती की मौत, 4 घायल
गांव फतेहगढ़ गहिरी में दो एकड़ जमीन पर कब्जा करने गया था आरोपी कांग्रेस कार्यकर्ता
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुहरसहाए (फिरोजपुर)।
गांव फतेहगढ़ गहिरी में किसान मलकीत सिंह और सीनियर कांग्रेसी कार्यकर्ता गुरप्रीत सिंह के बीच लंबे समय से दो एकड़ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। जमीन पर मलकीत का कब्जा था। मंगलवार सुबह साढ़े दस बजे गुरप्रीत सिंह अपने साथियों के साथ जमीन पर कब्जा करने गांव फतेहगढ़ गहिरी पहुंचा तो मलकीत के विरोध करने पर कांग्रेसियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने मलकीत की 21 वर्षीय बेटी लक्ष्मीकी मौत हो गई और चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कालेज में दाखिल करवाया। उधर, सूचना मिलते ही एसपी (डी) अजमेर सिंह बाठ व एसएचओ भूपिंदर सिंह पुलिस पार्टी समेत घटनास्थल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। थाना गुरुहरसहाए पुलिस का कहना है पीड़ितों के बयान लेने के बाद केस दर्ज किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार मलकीत सिंह पुत्र कपूर सिंह वासी गांव फतेहगढ़ गहिरी का सीनियर कांग्रेसी कार्यकर्ता गुरप्रीत सिंह पुत्र बाबा अरूड सिंह के साथ दो एकड़ जमीन का विवाद लंबे समय से चल रहा था। जमीन पर मलकीत सिंह का कब्जा था। मंगलवार सुबह आरोपी हथियारों के साथ जमीन पर कब्जा करने के लिए पहुंचे। मलकीत और उसका परिवार आरोपियों का विरोध कर रहा था। इसी बीच आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। मलकीत सिंह की बेटी लक्ष्मी समेत पांच लोग गोलियां लगने से जख्मी हो गए। ग्रामीणों ने सभी को फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कालेज में दाखिल करवाया, जहां लक्ष्मी की मौत हो गई। लक्ष्मी के सीने पर बायीं तरफ गोली लगी थी। घायलों में में मलकीत सिंह, कपूर सिंह, अजीत सिंह व कर्मजीत कौर शामिल है। लक्ष्मी बीकॉम की छात्रा थी और उसका दस मई को पेपर था। एसएचओ भूपिंदर सिंह का कहना है कि सीने में गोली लगने के कारण लक्ष्मी की मौत हुई है। पीड़ितों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। अभी तक आरोपियों के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया है। सभी आरोपी फरार हैं।
कांग्रेसियों का जमीनों पर कब्जे का सिलसिला जारी
कांग्रेसियों की ओर से जमीनों पर कब्जा करने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कांग्रेसियों ने सबसे पहले जीरा के गांव कचरभन में नौ एकड़ जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया। कांग्रेसियों व पुलिस वालों की धमकियों से तंग आकर नौजवान किसान जतिंदर सिंह ने खुदकुशी कर ली थी। आठ मई मंगलवार को जीरा के गांव कचरभन में उसका भोग था। इसके बाद कांग्रेसियों ने फिरोजपुर के गांव झोक हरिहर में 26 एकड़ जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया। पीड़ित परिवार की दो महिलाएं फिरोजपुर डीसी आफिस के समक्ष मरणव्रत पर बैठी हैं, इनके हक में नौ मई से प्रदेशभर की किसान जत्थेबंदियां फिरोजपुर डीसी आफिस के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना देंगी। अब गुरुहरसहाए के गांव फतेहगढ़ गहरी में मलकीत सिंह की दो एकड़ जमीन पर कब्जा करने गए कांग्रेसियों ने मलकीत के परिवार पर गोलियां दाग दी, इसमें मलकीत की की बेटी लक्ष्मी के सीने में गोली लगने से मौत हो गई।